प्रदेश का मौसम लगातार करवटें बदल रहा है। प्रदेश के करीब-करीब सभी जिलों में यह बदलाव आने वाले दो से तीन दिनों में दिखेगा। बुधवार को तीखी धूप की जगह लखनऊ सहित आसपास के जिलों में गुरुवार को बादल आते और जाते रहे। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि गुरुवार से प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने के साथ-साथ तापमान में भी अंतर आएगा।
इसके पहले पछुआ के मद्धिम पड़ते ही उत्तर प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव आया है। बुधवार को देर सुबह से ही तपिश भरी गर्मी महसूस होने लगी। दोपहर चढ़ने के साथ धूप सख्त हुई और कई जिलों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। प्रयागराज, वाराणसी और झांसी आदि जिलों में धूप की तपिश से लोगों का बुरा हाल रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक बृहस्पतिवार से प्रदेश के मौसम में फिर से बदलाव के संकेत हैं। 20 से 22 मार्च के बीच यूपी के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में गरज चमक और झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। इसके असर से पारे में तात्कालिक तौर पर गिरावट आएगी।