बीते तीन दिनों से चक्रवातीय बारिश से सुहाना हुआ मौसम एक बार फिर से बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम बुलेटिन ने शुक्रवार से चक्रवातीय असर खत्म होने के आसार जताते हुए अन्य किसी भी बदलाव से उत्तर प्रदेश को बाहर कर दिया है। वहीं आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र ने भी लखनऊ समेत प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे खुलने, पारा चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने के आसार जताए हैं।
जैसा कि पूर्वानुमान था कि बृहस्पतिवार को कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश होगी। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन भर पानी बरसता रहा। हालांकि सबसे ज्यादा बरसात बस्ती में 60.4, नजीबाबाद में 53.0, चुर्क में 44.8, गोरखपुर में 232 और लखनऊ में 8.6 मिमी बरसात हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, शुक्रवार से चक्रवात का असर समाप्त हो रहा है और अब प्रदेश में गर्मी बढ़ेगी।
अवध में कहीं बूंदाबांदी को कहीं झमाझम
ताउते के चलते अवध के लगभग सभी जिलों में तीसरे दिन भी घने बादल छाए रहे। कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं झमाझम बारिश र्हुई। सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस दौरान कूरेभार में छप्पर गिरने से उसके नीचे दबकर युवक की मौत हो गई।
मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को अयोध्या-अंबेडकरनगर में घने काले बादलों के बीच हवा के साथ रिमझिम बरसात होती रही। इसी तरह सुल्तानपुर-अमेठी और रायबरेली में बारिश का क्रम तीसरे दिन भी जारी रहा। कल जहां सिर्फ बूंदाबांदी हुई थी वहां आज रुक-रुक कर तेज बारिश देखने को मिली। सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर से भी बारिश की सूचना है। बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कई जिलों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। कई इलाकों में पेड गिरने और कीचड़ व जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक सुल्तानपुर में 33.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। सुल्तानपुर में कूरेभार थाना क्षेत्र के सेउर चमुरखा गांव के गोरिया का टोला मजरे में एक रिहायशी छप्पर भरभरा कर गिर गया। छप्पर गिरने से उसके नीचे सो रहे इम्तियाज उर्फ मुन्ना (38) पुत्र इंतजार अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने एवं हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।