तत्काल टिकटों में सेंधमारी रोकने एवं यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से पहली जुलाई से बुकिंग की नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। नई व्यवस्था में अब प्रामाणिक यात्री (ऑथेंटिक यूजर) ही भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट व एप से तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे। बुकिंग में पहले 30 मिनट सिर्फ इन्हें ही मौका मिलेगा। 30 मिनट के बाद ही आईआरसीटीसी के अधिकृत एजेंट तत्काल टिकट बुक कर पाएंगे।
रेलवे के आरक्षित श्रेणी के टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप से ही होती है। यात्रा के दिन से एक दिन पूर्व तत्काल टिकटों की बुकिंग सुबह दस बजे से शुरू होती है। तमाम शिकायतें हैं कि टिकट दलाल तत्काल टिकटों में सेंधमारी कर लेते हैं, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाते। नई व्यवस्था में आईआरसीटीसी के प्रामाणिक यात्री ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि नई व्यवस्था में अनधिकृत रूप से टिकट बुक कराने वालों पर लगाम लगाई जा सकेगी।
ये भी पढ़ें - तस्वीरें: सरयू ने दिखाया रौद्र रूप... घरों को काटने के बाद 100 बीघे फसल भी डूबी, झुग्गी में गुजारा करने को मजबूर ग्रामीण
ये भी पढ़ें - डिलीवरी पार्टनर के इंचार्ज ने मोबाइल के 40 खाली डिब्बे वापस भेजे, 16.48 लाख का किया खेल, गिरफ्तार
एजेंटों के समय कटौती से मिलेगी राहत
सीनियर डीसीएम ने बताया कि अधिकृत टिकट एजेंटों के लिए तत्काल टिकट बुकिंग के समय में 30 मिनट की कटौती की गई है। यात्री इस समय में अपने टिकट बुक करवा सकेंगे। मसलन, एजेंटों को एसी श्रेणी के तत्काल टिकटों के लिए लिए सुबह 10 से 10:30 बजे तक और नॉन एसी श्रेणी के लिए सुबह 11 से 11:30 बजे तक टिकट बुक करने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में केवल आम यात्री ही टिकट बुक कर सकेंगे।
जानिए क्या है तत्काल टिकट बुकिंग का समय
एसी श्रेणी के टिकटों के लिए : सुबह 10 बजे से
नॉन एसी श्रेणी के लिए : सुबह 11 बजे से