मंगलवार को लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म सीटों की बुकिंग के लिए सोमवार को तत्काल कोटे में यात्रियों ने प्रयास किया। स्लीपर व एसी बोगियों में 229 सीटें रिक्त थीं। लेकिन सुबह कोटा खुलते ही वेटिंग शुरू हो गया। यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ा। उनके हाथ वेटिंग टिकट ही लगे।
ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण यात्रियों को रोडवेज की बसों से राहत की उम्मीद है। कमता, आलमबाग, कैसरबाग व चारबाग बस अड्डों से कुल 185 बसों का संचालन हो रहा है। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को एक-एक सीट के लिए खासी मशक्कत करनी होगी। अतिरिक्त समय लेकर घर से बस अड्डों के लिए निकलना होगा।
लखनऊ से प्रयागराज जाने के लिए एक सीधी उड़ान है। इसके अतिरिक्त कनेक्टिंग उड़ानें हैं, जिनका किराया 33693 रुपये तक पहुंच गया है। 28 जनवरी को दोपहर करीब ढाई बजे अमौसी से प्रयागराज के लिए रवाना होने वाली डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-7935 के टिकट 10742 रुपये में बिक रहे हैं। वहीं एयर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान एआई-412 का किराया 20869 रुपये में है। दिल्ली के रास्ते प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 33693 रुपये पहुंच गया है।