नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने नगर निकाय के अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के अभियान को सफल बनाने को कहा है। मंत्री ने कहा कि नागरिकों के सहयोग के बिना प्रदेश को प्लास्टिक के उपयोग को रोकना संभव नहीं है। इसलिए नागरिकों को जागरूक करने के लिए भी विशेष कार्यक्रम करने को कहा है।
नगर विकास मंत्री बृहस्पतिवार को प्रदेश भर के नगर निकाय अधिकारियों के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक की कार्रवाई की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र का नियमित दौरा करते रहने के साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने बाजारों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों के अलावा फल, साग-सब्जी समेत अन्य दुकानदारों की लगातार जांच- पड़ताल किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही पर भी नजर रखी जा रही है। नगर विकास मंत्री ने प्रदेश के नागरिकों से भी अपील की है कि पर्यावरण, जल व जानवरों की सुरक्षा के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग रोकने के अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें।