डीजीपी राजकुमार विश्वकर्मा (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
डीजीपी आरके विश्वकर्मा ने प्रदेश के जनपदों एवं कमिश्नरेट में होने वाली मंगलवार की परेड की आकस्मिक चेकिंग कराई, जिसमें 25 जनपदों में अधिकारी परेड में हिस्सा लेते नहीं मिले। डीजीपी ने संबंधित कमिश्नरेट एवं जनपदों के एसपी लाइन एवं अपर पुलिस अधीक्षक को चेतावनी देने तथा पुलिस प्रमुख को इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है।
बताते चलें कि डीजीपी ने प्रदेश की समस्त पुलिस लाइन में नियमित रूप से मंगलवार एवं शुक्रवार की परेड, भ्रमण व निरीक्षण के निर्देश दिए थे। उन्होंने समय-समय पर पुलिसकर्मियों में उच्च स्तर का अनुशासन, टर्न-आउट व शारीरिक दक्षता बनाये रखने के लिये पुलिस लाइन में होने वाली परेड में संबंधित जिले के पुलिस अधिकारियों को भी हर हाल में शामिल होने को कहा था।
मंगलवार को जब डीजीपी ने इसका आकस्मिक निरीक्षण कराया तो 25 जिलों के अधिकारी नदारद मिले। डीजीपी ने बाकी जिलों एवं कमिश्नरेट में परेड के साथ स्कोर्ट ड्रिल, शस्त्र प्रशिक्षण, दंगा नियन्त्रण उपकरणों का प्रशिक्षण, क्राइम सीन-सरंक्षण संबंधी प्रशिक्षण एवं बलवा ड्रिल आदि के प्रशिक्षण की प्रशंसा की है। साथ ही, प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को पुलिस लाइन, क्वाटर गार्ड, भोजनालय, कैन्टीन, आवासीय व्यवस्था एवं आरमरी, बैरकों, लाइन्स का भ्रमण एवं निरीक्षण करने के आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा है।