उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की पिपराइच एवं मुंडेरवा चीनी मिलों के रिटेल काउंटर खुलेंगे। अब पांच किलो के पैकेट तथा पांच ग्राम के सैशे में भी इन मिलों की चीनी मिलेगी। बुधवार को गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी इसका लखनऊ गन्ना संस्थान केंद्र में इसका शुभारंभ करेंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम तथा उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ की 27 चीनी मिलों में उत्तम गुणवत्ता की सल्फरलेस चीनी तथा सफेद प्लांटेशन शुगर का उत्पादन किया जाता है। देश में उपभोग के अलावा इन मिलों की चीनी का विभिन्न देशों में निर्यात भी होता रहा है। निगम की पिपराइच एवं मुंडेरवा चीनी मिलों में उत्पादित सल्फरलेस शुगर की बाजार में काफी मांग है। अभी तक इन मिलों द्वारा उत्पादित चीनी केवल 50 किलो की पैकिंग में उपलब्ध थी।
सीएम ने कहा है कि मिलों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सभी प्रयास किए जाएं ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। इसी क्रम में गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी डालीबाग, लखनऊ स्थित गन्ना संस्थान परिसर में चीनी के रिटेल काउंटर (विक्रय केंद्र) का शुभारंभ करेंगे। अपर मुख्य सचिव चीनी उद्योग संजय भूसरेड्डी के मुताबिक निगम एवं सहकारी चीनी मिल संघ की ओर से यह नवीन प्रयास किया जा रहा है।
प्रबन्ध निदेशक रमाकांत पांडेय के मुताबिक सामान्य उपभोक्ताओं को पांच किलो के पैकेट तथा 5 ग्राम के सौ सैशे के पैकेट के अतिरिक्त 50 किलो के बैग की पैकिंग में बाजार दर की तुलना में अत्यन्त कम कीमत पर उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था इस रिटेल काउंटर पर कराई जा जा रही है।