फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News : मुख्यमंत्री योगी ने कहा- किसानों की आय में वृद्धि के लिए लाएंगे एक और हरित क्रांति

Tue, 16 Aug 2022 07:31 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

राजधानी लखनऊ में इस बार राष्ट्रगान के लिए कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया। मुख्यमंत्री योगी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद पीएसी व आईटीबीपी बैंड की धुन पर राष्ट्रगान हुआ।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी ने फहराया झंडा। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन पर झंडा रोहण किया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विगत पांच वर्षों में हमने विकास और सुशासन की नींव तैयार की है। वहीं, पांच वर्ष में प्रदेश में प्रगति और समृद्धि की भव्य इमारत आकार लेगी। एक नई कार्ययोजना के साथ सरकार ने कार्य करना शुरू कर दिया है। किसानों की आय को कई गुना बढ़ाकर एक नई हरित क्रांति लेकर आएंगे।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूरा देश आजादी के 75 वर्ष की यात्रा का साक्षी बन रहा है। इसके तहत 11 से 17 अगस्त के बीच स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जा रहा है। बंटवारे की त्रासदी को स्मरण करते हुए विभाजन विभीषिका के तहत पूरे देश के अंदर मौन मार्च निकाला गया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विगत ढाई वर्ष के कालखंड में हमने इस सदी की सबसे बड़ी महामारी का सामना किया। कोरोना कालखंड में ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण के अभियान को जिस मजबूती के साथ आगे बढ़ाया गया, वह हम सबके सामने है। उत्तर प्रदेश ने कोरोना कालखंड में देश के अंदर अनेक मॉडल दिए। आज उत्तर प्रदेश के हर जिले में कोविड 19 के टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है।

सेक्टरवार नीतियों और भरोसेमंद अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता के कारण उत्तर प्रदेश आज पूरे देश में निवेश के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। कारोबारी सुगमता में प्रदेश आज देश मेंदूसरे स्थान पर है। प्रति व्यक्ति आय को भी दोगुना करने में हमें कामयाबी मिली है। करीब चार लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रदेश में लाने में सफल रहे हैं। एक जिला-एक उत्पाद और विश्वकर्मा श्रम सम्मान के माध्यम से उत्तर प्रदेश का निर्यात 88 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 56 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने में मदद मिली है।
विज्ञापन


प्राकृतिक खेती के लिए उत्तर प्रदेश ने मां गंगा के तटवर्ती 27 और बुंदेलखंड के 7 जिलों को तकनीक के साथ जोड़ते हुए केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रथम चरण में लागू किया है। विगत पांच वर्ष के अंदर पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने में सफल रहे हैं। बड़ी तादाद में नौजवानों को विभिन्न प्रकार के रोजगार से जोड़ा है। 60 लाख से अधिक लोगों को परंपरागत उद्योग, हस्तशिल्प और कारीगरों को रोजगार के साथ जोड़ा गया है। अगले साल जनवरी-फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उत्तर प्रदेश में होगा। इसमें 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाकर प्रदेश के अंदर रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के कार्यक्रम के साथ हर परिवार के एक सदस्य को रोजगार और नौकरी से जोड़ेंगे। ईज ऑफ लिविंग डबल इंजन की सरकार की विभिन्न योजनाओं का केंद्र बिंदु है।

सरकार के गिनाए काम
सरकार की उपलब्धियों को सामने रखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पांच वर्ष में 2 करोड़ 61 लाख परिवारों शौचालय उपलब्ध कराया। 43 लाख गरीब परिवारों को सिर ढकने के लिए एक-एक आवास दिया। एक करोड़ 50 लाख परिवारों को बिजली कनेक्शन दिया। कोरोना कालखंड में 15 करोड़ गरीबों को निशुल्क खाद्यान उपलब्ध करवाया गया। 10 करोड़ गरीबों को आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा के कवर से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि भारत में 70 वर्षों तक ईंधन के लिए भटकने वाले लोगों के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया गया।

10 सेक्टर में समायोजित विभाग
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 10 खरब डॉलर का बनाने के लक्ष्य के साथ हम लोगों कार्य करना शुरू कर दिया है। सभी विभागों को 10 सेक्टर में समायोजित करते हुए कृषि उत्पादन, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, ग्राम्य विकास, पर्यटन एवं संस्कृति, शिक्षा, राजस्व संग्रह और सुरक्षा जैसे विविध सेक्टरों में बांटा है। साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में भेजने का काम किया। 6 हजार 222 से अधिक निराश्रित गो आश्रय स्थल प्रदेश के अंदर कार्य कर रहे हैं।

विकास के कीर्तिमान स्थापित कर रहा प्रदेश
आज प्रदेश डाटा सेंटर के नए हब के रूप में स्थापित हो रहा है। आगरा, कानपुर और गोरखपुर में फ्लेटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स की योजना को आगे बढ़ा रहे हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, बलिया लिंक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य प्रगति पर है। इंटर स्टेट कनेक्टिविटी बढ़ी है। देश के अंदर यूपी के सर्वाधिक शहर मेट्रो से जुड़े हुए। 5 शहर वर्तमान में मेट्रो से जुड़े हुए हैं। आगरा में भी मेट्रो का कार्य तेजी से चल रहा है। 9 एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के अंदर चालू हैं।, जहां से 80 जगह की कनेक्टिविटी है। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में 5 इंटरनेशनल हवाई अड्डे वाला देश का पहला राज्य होगा।

1 लाख 21 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाने का कार्य किया गया है। 10 लाख महिला स्वयंसेवी समूहों से एक करोड़ से अधिक माताओं-बहनों को जोड़ा गया है। नौजवानों को 2 करोड़ टैबलेट और स्मार्ट फोन दिए गए हैं। 9 लाख पटरी व्यवसायी को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़ा गया है। प्रदेश के 17 नगर निगम स्मार्ट सिटी मिशन के साथ जुड़े हैं। नीति आयोग के साथ मिलकर 100 नगर निकायों को आकांक्षात्मक नगर निकाय के तौर पर विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने 100 आकांक्षात्मक विकास खंडों का चयन किया है।

हमारी कानून-व्यवस्था देश में नजीर
राज्य सरकार ने अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के धाम को विकसित करने की वृहद कार्ययोजना को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। बुंदेलखंड के किलों को संरक्षित करने के साथ पर्यटन के डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित किया जा रहा है। योगी ने कहा कि एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में हम तेजी के साथ आगे बढ़ चुके हैं। काला जार पर नियंत्रण पा लिया है। मलेरिया और दिमाग बुखार पर नियंत्रण की दिशा में आगे बढ़े रहे हैं। सभी 75 जिलों में निशुल्क डायलसिस की सुविधा डबल इंजन की सरकार देने जा रही है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश के अंदर नजीर बनी हुई है। पेशेवर गुंडों और माफिया की 3 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है। इस अवसर पर सीएम ने पद्म सम्मान से अलंकृत विभूतियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों और देश की सीमाओं की सुरक्षा में बलिदान हुए शहीदों के परिवारीजनों को सम्मानित किया। मार्च पास्ट निकाला गया। ब्रज, पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति भी दी।

आगामी 25 वर्ष के लक्ष्य से जोड़ें अमृत महोत्सव
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया। शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश ने प्रत्येक क्षेत्र में विकास की नई यात्रा को आगे बढ़ाया। आजादी का अमृत महोत्सव सभी को आगामी 25 वर्ष के अमृत काल के साथ जोड़ने की नई प्रेरणा प्रदान कर रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें