उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तराई को छोड़कर ज्यादातर जगहों पर मानसून कमजोर पड़ा है लेकिन पश्चिम तराई और बुंदेलखंड के इलाके में मानसून की अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। मंगलवार को प्रदेश के पश्चिमी जिले मुरादाबाद में सर्वाधिक 122 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बरेली में 70 मिमी, ललितपुर में 66 मिमी, रामपुर में 43.6 मिमी और झांसी में 39 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग में बुधवार के लिए पश्चिम तराई विंध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बुंदेलखंड के 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। साथ ही 41 जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इधर दिन में अवध और पूर्वांचल के जिलों में दोपहर तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर के बाद मौसम में बदलाव हुआ। लखनऊ में शाम को कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई।