उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का शुभारंभ
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। यह 10 दिवसीय राज्य स्तरीय महोत्सव गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में आयोजित हो रहा है। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित यह महोत्सव छह दिसम्बर तक चलेगा।
महोत्सव की थीम धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। महोत्सव के शुभारंभ पर राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का विचार है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल आह्वान से खादी को नई पहचान मिली है। सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजित करने को प्रतिबद्ध है। विगत पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित हुआ है। इससे 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2,79,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। मंत्री ने लोगों से महोत्सव में आकर कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदने की अपील की।
खादी उत्पादों को प्रोत्साहन: खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 फीसदी की विशेष छूट दी जा रही है। यह छूट गांधी जयंती यानी दो अक्तूबर से लागू है। ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र भी खोले जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में खादी युवाओं की पहली पसंद बन रही है।