सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अफसरों को धमकाना बंद करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के साथ बैठकर उनसे सीख लेनी चाहिए। जब संगत अच्छी नहीं होगी तो जुबान भी अच्छी नहीं होगी और मुंह से गुंडागर्दी वाली बातें ही निकलेंगी। विश्वास न हो तो रामपुर वाले चाचा से ही ज्ञान ले लीजिए। दस साल पहले वह भी आपके जैसे ही थे।
राजभर ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश अब मीडिया के सामने पुलिस से स्टेपनी बदलवाने की धमकी दे रहे हैं। रामपुर वाले चाचा के लौटने से उन्हें या तो बहुत खुशी है या सदमा लगा है। उन्होंने कहा कि उनके चाचा सरकारी कर्मचारियों को गुलाम और तनखैया समझते थे। दस साल बाद उनकी जुबान पूरी तरह नहीं बदली, लेकिन नरम जरूर हुई है।
ये भी पढ़ें - यूपी: मोदी के बाद अब शाह कसेंगे चुनावी रणनीति, मिशन-2027 को देंगे धार, अगले महीने से शुरू होगा शाह का दौरा
ये भी पढ़ें - यूपी: यूपीपीएससी अध्यक्ष पद के लिए दीपक के नाम पर असमंजस, डीजी पीएसी आलोक सिंह को लेकर भी चर्चा
राजभर ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। अखिलेश को अपनी गुंडई वाली मंशा जाहिर कर उनका मनोबल नहीं तोड़ना चाहिए। युवाओं को पता है कि दस साल पहले सैफई सिंडिकेट और उसका माफिया तंत्र सरकारी व्यवस्था को अपने नियंत्रण में रखता था। राजभर सपा अध्यक्ष अखिलेश को लेकर लगातार हमलावर हैं।
कई दलों के नेता सुभासपा में शामिल
दूसरी ओर, रविवार को सरदार सेना संगठन, सपा, लोजपा, हम (जीतन राम मांझी), अपना दल (एस) और कांग्रेस के कई नेताओं ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष ओपी राजभर ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता दिलाई।