चप्पे-चप्पे तक होगी मेट्रो की पहुंच
विस्तार के बाद लखनऊ मेट्रो सेवा की पहुंच जिले के चप्पे-चप्पे तक हो जाएगी। यहां लखनऊ की सभी प्रमुख सीमाओं तक पहुंचेगी। सूत्र बताते हैं कि अयोध्या रोड पर बाराबंकी तक, सीतापुर रोड पर इटौंजा तक, कानपुर रोड पर उन्नाव तक, हरदोई रोड पर संडीला तक के अतिरिक्त इसका पीजीआई और मोहनलालगंज तक विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया वाली मेट्रो लाइन को आगे तक बढ़ाया जाएगा। अनुमान के मुताबिक मेट्रो विस्तार होने से लखनऊ की 35 से 40 लाख की आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
मेट्रो स्टेशनों पर होगी पार्किंग की सुविधा
मेट्रो प्रशासन की ओर से तैयार कराए जा रहे डीपीआर में सभी मेट्रो स्टेशनों पर पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। यहां ई साइकिल, ई-बाइक जैसी ई-व्हीकल सेवाएं भी यात्रियों को मिलेंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि विस्तार के बाद शहर में परिवहन सेवा उच्च स्तर पर पहुंच जाएगी।
इन इलाकों तक दौड़ेगी मेट्रो
सूत्र बताते हैं कि मेट्रो विस्तार से पीजीआई, मोहनलालगंज, गोसाईंगंज, बंथरा, राजाजीपुरम, काकोरी, दुबग्गा, मलिहाबाद, रहीमाबाद, कमता, चिनहट, मटियारी, बीबीडी, तिवारीगंज, सफेदाबाद, मड़ियांव, केशवनगर, आईआईएम, बृज की रसोई, बख्शी का तालाब, इटौंजा, जानकीपुरम आदि इलाकों को कवर करने की योजना है।