उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही असर दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और बढ़ती तपिश से फरवरी की गुलाबी ठंड पूरी तरह गायब हो गई है। रविवार को बांदा, झांसी, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच, सुल्तानपुर और बस्ती समेत कई जिलों में दिन के समय तीखी धूप महसूस की गई। अब दिन में ऊनी कपड़ों की जरूरत खत्म हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पारे में क्रमश: बढ़ोतरी आएगी और दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ईरान से उठ रहे पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर प्रदेश पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अब आगे कुछ दिन प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।