मां-बेटी की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
पहले पत्नी, फिर बेटी की गला कसकर हत्या की
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी रवींद्र शंकर ने बताया कि रात करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच उसने पहले जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही पत्नी श्यामा दुलारी की केबल से गला कसकर हत्या की। इसके बाद वह पूजा के कमरे में पहुंचा। पूजा बेड पर सो रही थी। आरोपी ने उसकी भी उसी केबल से गला कसकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद वह वापस अपने कमरे में पहुंचा, जहां पत्नी का शव पड़ा था। वहीं, भूतल पर बने दूसरे कमरे में रवींद्र शंकर की बेटी प्रिया और छह वर्षीय नातिन काव्या सो रही थीं। दोनों को घटना की भनक तक नहीं लगी। कुछ देर खामोश बैठने के बाद उसने गुजरात में रह रही बेटी रूबी को फोन कर पत्नी और पूजा की हत्या करने की बात बताई। रूबी ने पारा निवासी अपने भाई विनय को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस बीच रवींद्र शंकर ने पुलिस कंट्रोल रूम को भी हत्या की सूचना दी और खुद कृष्णानगर थाने पहुंच गया।
केबल और मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में लिए
महिला और उसकी बेटी की हत्या की सूचना मिलते ही डीसीपी, एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार, कृष्णानगर इंस्पेक्टर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई केबल और तीन मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में ले लिए। इस बीच आरोपी का बेटा विनय अपनी पत्नी पूनम और तीन वर्षीय बेटे के साथ मौके पर पहुंच गया।
डीसीपी ने बताया कि दोहरी हत्या के मामले में रवींद्र शंकर की बेटी प्रिया की तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और आरोपी से पूछताछ में पारिवारिक कलह के चलते पत्नी और बेटी की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।