महंगे खिलाड़ी पंत का फीका प्रदर्शन, कप्तानी पर भी उठे सवाल
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत इस सत्र में भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। आठ मैचों में उन्होंने 27 की औसत से 189 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 68 रन की पारी को छोड़ दें तो वह बड़े स्कोर के लिए संघर्ष करते नजर आए।
कोलकाता के खिलाफ 44 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर विकेट गंवा बैठे। टीम प्रबंधन ने उनका बल्लेबाजी क्रम भी बदला, लेकिन फायदा नहीं मिला। कप्तानी में भी पंत प्रभाव नहीं छोड़ सके और कई फैसलों पर सवाल उठे हैं।
कोच लैंगर के बड़े बोल पड़े टीम पर भारी
लखनऊ सुपरजायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर के बड़े बोल टीम पर भारी पड़ते जा रहे हैं। आईपीएल सत्र होने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि टीम की बेंच स्ट्रैंथ इतनी मजबूत है कि हमारे लिए अंतिम 11 का चयन करना मुश्किल होगा और अब सत्र में लगातार पांचवीं हार के बाद कोच साहब के बोल ही बदल गए।
कोलकाता से मिली हार के बाद संवाददाताओं से बातचीत लैंगर ने कहा कि अपने घर में मिल रही लगातार हार से हम सभी बहुत निराश है। अपने प्रशंसकों के सामने हारना निराशाजनक रहा। इकाना की उछाल भरी लाल मिट्टी वाली पिच के उलट काली मिट्टी वाली पिच थोड़ी धीमी थी और यहां स्पिनरों को मदद मिली।
घरेलू मैदान में हमें जीतना सीखना होगा। टीम को अगला मैच एक सप्ताह के लंबे ब्रेक के बाद खेलना है। इस दौरान हम आपस में बैठकर लगातार मिली हार पर मंथन करेंगे। प्लेऑफ के लिए हमारी उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। अगले छह मैच जीतकर हम अपनी स्थिति को मजबूत कर सकते है।