उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर वर्ष 2019 के लगभग बराबर पड़े वोट हैं। पांचवें चरण में 58 फीसदी मतदान हुआ है। बाराबंकी के मतदाताओं ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाराबंकी 67 फीसदी के साथ नंबर वन पर पहुंच गया।
पांचवें चरण में यूपी की अवध और बुंदेलखंड की 14 लोकसभा सीटों पर सोमवार को 58 फीसदी मतदान हुआ। इसमें बाराबंकी में सर्वाधिक 67.10 प्रतिशत मत पड़े। यह यूपी में अब तक के सभी चरणों में कुल 53 सीटों पर हुए मतदान में भी सबसे अधिक है।
विज्ञापन
इससे पहले सहारनपुर में सबसे अधिक 65.95 फीसदी वोट पहले चरण में पड़े थे। वहीं दूसरी ओर बाराबंकी से सटे लखनऊ के मतदाताओं ने निराश किया। यहां 2019 के चुनाव में हुए 54.78 फीसदी मतदान से भी कम 52.23 फीसदी मत पड़े।
इस चरण में हुआ मतदान वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में हुए 58.46 प्रतिशत मतदान के कमोबेश बराबर ही रहा। 51.64 फीसदी वोटिंग के साथ गोंडा सबसे पीछे रहा। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विज्ञापन
मतदान के फाइनल आंकड़े मंगलवार तक मिलेंगे। मतदान के दौरान लखनऊ व मोहनलालगंज में कई बूथों से ईवीएम खराब होने की शिकायतें आई। वोटर लिस्ट में नाम न होने पर भी लोगों को परेशान होना पड़ा। लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बसपा प्रमुख गमायावती ने भी वोट किया।
कैसरगंज में विधायक से मारपीट
अवध की आठ सीटों अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, फैजाबाद, गोंडा, कैसरगंज, मोहनलालगंज, लखनऊ में कुछ छिटपुट मामलों के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कैसरगंज में सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बड़े बेटे विधायक प्रतीक भूषण व सपा नेता के बीच मारपीट हुई। रायबरेली में मतदाता पर्ची पर राहुल गांधी की फोटो लगी होने पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
अमेठी में स्मृति इरानी और किशोरी लाल शर्मा के बीच बहस हो गई। वोटिंग के दौरान लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, अमेठी, रायबरेली और बाराबंकी में कुछ बूथों पर ईवीएम की खराबी के चलते मतदान कुछ देर के लिए बाधित रहा। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ईवीएम खराब होने, पहचान पत्र की चेकिंग ठीक से न करने, पक्ष विशेष के लिए वोटिंग का दबाव बनाने और धींने मतदान की 250 शिकायतें आई। सभी का निवारण किया गया।
नजीर... ललितपुर के तीन बूथों पर सौ फीसदी मतदान
सोमवार को झांसी लोकसभा सीट पर हुए मतदान के लिए ललितपुर के तीन गांवों के मतदाताओं ने शत-प्रतिशत वोटिंग कर नजीर पेश की। ललितपुर के महरौनी विस क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांव सोल्दा के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ संख्या 277 पर दोपहर एक बजे तक 100 फीसदी मतदान हुआ।
गांव का एक युवा बंगलूरू से फ्लाइट से मतदान करने आया। इसके अलावा ललितपुर के गांव बमौरी नागल में बूथ संख्या 355 पर भी शत-प्रतिशत मतदान हुआ। यहां शाम चार बजे तक 443 मतदाताओं ने वोट डाले। गांव बुदनी में बूथ संख्या 195 पर शत प्रतिशत 216 मतदाताओं ने वोट डाले।
सीट
इस बार
2019
बाराबंकी
67.10
63.61
झांसी
63.70
67.68
मोहनलालगंज
63.0
62.79
हमीरपुर
60.56
62.32
बांदा
59.64
60.8
फैजाबाद
59.10
59.69
रायबरेली
58.04
56.34
फतेहपुर
57.05
56.79
जालौन
56.15
58.49
कैसरगंज
55.68
54.39
अमेठी
54.5
54.08
कौशाम्बी
53.0
54.56
लखनऊ
52.23
54.78
गोंडा
51.64
52.2
वर्ष 2024 में अब तक चरणवार मतदान
पहले चरण में मत प्रतिशत : 61.11%
दूसरे चरण में मत प्रतिशत : 55.19%
तीसरे चरण में मत प्रतिशत : 57.55%
चौथे चरण में मत प्रतिशत : 58.22 %
पांचवें चरण में मत प्रतिशत :58 %
लखनऊ पूर्व में 52.45 प्रतिशत मतदान
लखनऊ पूर्व विधानसभा उपचुनाव में 52.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
झांसी में तीन बूथों पर शत-प्रतिशत मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि झांसी लोकसभा क्षेत्र के महरौनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ नंबर 195, 277 और 355 पर शत-प्रतिशत मतदान हुआ। ललितपुर जिले में आने वाले इन बूथों पर क्रमशः 357, 375 और 441 मत हैं।