आगामी 11 अगस्त से शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र की तैयारियों का विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा परिसर की सुरक्षा को लेकर कई निर्देश भी दिए। साथ ही, उन्होंने विधानभवन परिसर की सुरक्षा के लिए तैनात किए जाने वाले पुलिस बल का ब्योरा भी जाना। उन्होंने अधिकारियों के साथ विधानभवन परिसर, विधानसभा के मुख्य मंडप आदि का निरीक्षण भी किया और बारिश के दृष्टिगत विधान भवन के आसपास जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा। इस दौरान विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे, डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल, लखनऊ के डीएम विशाख जी. पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर, विधानभवन के मुख्य सुरक्षा अधिकारी, नगर आयुक्त समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।