फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: पूरे लखनऊ जिले तक बढ़ेगा एलडीए का दायरा, बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण; सीएम ने दिए ये निर्देश

Tue, 24 Nov 2026 07:15 PM IST
Akash Dwivedi डिजिटल डेस्क, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे लखनऊ जिले को एलडीए के दायरे में लाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बाराबंकी में नया विकास प्राधिकरण बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी। इसके अलावा उन्नाव-शुक्लागंज क्षेत्र के नियोजित विकास, गाजियाबाद में क्रिकेट स्टेडियम और राजधानी क्षेत्र की विकास योजना पर जोर दिया गया।
विज्ञापन
सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जनपद को इसके दायरे में लाने की आवश्यकता जताई है। मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भी विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही, प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

एलडीए के प्रस्तावित सीमा विस्तार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ जनपद की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती आबादी की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में अवैध एवं अनियंत्रित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है।
विज्ञापन


अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1974 में गठित एलडीए का वर्ष 1999, 2009 और 2014 में विस्तार किया गया था। वर्तमान में इसके अधिकार क्षेत्र में नगर महापालिका क्षेत्र और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है। 

Trending Videos

विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए

लखनऊ से सटे बाराबंकी में भी तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नए विकास प्राधिकरण के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के निकट होने के कारण बाराबंकी में भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।

ऐसे में जरूरी है कि विकास को शुरुआत से ही सुनियोजित दिशा दी जाए, ताकि भविष्य में बुनियादी ढांचे, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न पैदा हों। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं। पिछले एक दशक में इस क्षेत्र का निर्मित दायरा दोगुने से अधिक हो चुका है। वर्ष 2015 में यह 1,962 हेक्टेयर (4.19 प्रतिशत) था, जो वर्ष 2020 में बढ़कर 2,656 हेक्टेयर (5.67 प्रतिशत) और वर्ष 2025 में 3,902 हेक्टेयर (8.33 प्रतिशत) हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस कॉरिडोर का एकीकृत नियोजन करते हुए आर्थिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करें और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें।

प्रारंभिक चरण पूरे कर लिए गए

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति और प्रस्तावित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत सर्वेक्षण, बेस मैप तैयार करने और क्षेत्रीय विकास की परिकल्पना से जुड़े प्रारंभिक चरण पूरे कर लिए गए हैं।

अब आमजन की आपत्तियों और सुझावों के लिए क्षेत्रीय योजना का प्रारूप तैयार किया जा रहा है, जिसे 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में प्रारूप योजना को अंतिम रूप दिया जाए। आमजन से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। अंतिम स्वीकृति के बाद अगले पांच वर्षों की अल्पकालीन परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

राज्य राजधानी क्षेत्र की भौगोलिक एवं आर्थिक रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ (जनसंख्या 45,89,838), सीतापुर (44,74,446), हरदोई (40,92,845), बाराबंकी (32,60,699), उन्नाव (31,08,367) और रायबरेली (29,03,507) को मिलाकर यह क्षेत्र 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैला है।

 
विज्ञापन

इसकी वर्तमान आबादी 2.92 करोड़ है, जिसके वर्ष 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। इस अवधि में शहरीकरण का स्तर भी 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में ₹3.58 लाख करोड़ की नॉमिनल जीडीपी और 6.7 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर के साथ यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 12 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य राजधानी क्षेत्र की विकास योजना तैयार करते समय प्रत्येक जनपद की विशिष्ट क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं को प्राथमिकता दी जाए। लखनऊ में अर्बन रेजिलिएंस, रायबरेली में विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि-उद्योग एवं इको-टूरिज्म, हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के अनुरूप पर्यटन विकास को केंद्र में रखकर क्षेत्रीय नियोजन किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास प्राधिकरणों की कैडर संरचना और मानव संसाधन की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण शहरी नियोजन के लिए पर्याप्त एवं योग्य मानव संसाधन जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, शहरी नियोजन के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें