रजिस्ट्री कार्यालय की प्रक्रिया में होगा बदलाव।
विभाग स्टांप शुल्क भुगतान के कई विकल्प भी शुरू कर रहा है। अब लोग ऑनलाइन माध्यम, डिजिटल वॉलेट, कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक तरीकों से स्टांप ड्यूटी जमा कर सकेंगे। इसके साथ ही एटीएम की तर्ज पर स्टांप पेपर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि लोगों को वेंडरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एक बड़ा बदलाव यह भी है कि रजिस्ट्री के तुरंत बाद स्वतः दाखिल-खारिज की प्रक्रिया शुरू होगी। यानी संपत्ति रजिस्टर्ड होते ही राजस्व रिकॉर्ड अपने-आप अपडेट हो जाएगा। इससे महीनों चलने वाला काम मिनटों में पूरा होगा।
विभाग ऑनलाइन रजिस्ट्री को भी बढ़ावा दे रहा है। कई तरह के दस्तावेज अब घर बैठे पंजीकृत कराए जा सकेंगे। वहीं, विवाह पंजीयन को विवाह स्थल पर ही कराने की व्यवस्था पर भी काम चल रहा है, ताकि लोगों को अलग से कार्यालय न आना पड़े।