यूपी एटीएस और नोएडा पुलिस ने 31 साल से फरार खालिस्तान कमांडो फोर्स के आतंकी सुखविंदर सिंह ढिल्लों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया। आरोपी 1993 के आर्म्स एक्ट मामले में जमानत पर छूटने के बाद से फरार था। उस पर हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं।
यूपी एटीएस और नोएडा पुलिस ने बुधवार को पंजाब के मोहाली से 31 साल से फरार खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के आतंकी सुखविंदर सिंह ढिल्लों उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा को गिरफ्तार किया है। वह कपूरथला पंजाब का रहने वाला है। वह केसीएफ का सक्रिय सदस्य रहा है।
विज्ञापन
सुखविंदर के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-20 थाने में वर्ष 1993 में धारा आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। तब वह एके-56 राइफल और 121 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। जेल भेजा गया था। 9 दिसंबर 1993 को उसे जमानत मिल गई थी।
जेल से छूटने के बाद 16 अगस्त 1995 के बाद से वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ था। तब से वह फरार चल रहा था। यूपी एटीएस व नोएडा पुलिस को मोहाली में उसके रहने का इनपुट मिला था। उसी इनपुट के आधार पर कार्रवाई कर उसकी गिरफ्तारी की। एटीएस के मुताबिक सुखविंदर अलग-अलग नामों से अपनी पहचान बताता था, जिससे वह पकड़ में न आए। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई केस दर्ज हैं।