ईशान आनंद अब राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश में बाढ़ और सूखे से प्रभावित लोगों की मदद करने का निर्देश पार्टी पदाधिकारियों को दिया है। हालांकि उन्होंने इसके लिए किसी से चंदा जुटाने से मना किया है ताकि इसका कोई नाजायज फायदा नहीं उठा सके। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह इन क्षेत्रों का दौरा करने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ईशान आनंद को भेज सकती हैं। वहीं पार्टी के सेक्टर 3 के दोनों राज्यों (यूपी व उत्तराखंड) में हालात का जायजा लेने खुद जा सकती हैं।
बसपा सुप्रीमो ने रविवार को जारी अपने बयान में कहा कि बीते कुछ दिनों से देश के विभिन्न राज्यों में भारी वर्षा, आंधी, तूफान से जनता मुश्किल में है। ऐसे हालात में केंद्र सरकार और संबंधित राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की पूरी मदद करनी चाहिए। महाराष्ट्र के कई इलाकों में सूखे की मार झेल रहे लोगों खासकर किसानों की राज्य सरकार को जमीनी मदद करके फौरी राहत देनी चाहिए।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि अब पार्टी संगठन को तीन सेक्टरों में बांटकर चार केंद्रीय सेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। सेक्टर नंबर 1 में 10 राज्य हैं, जिसे बसपा के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम व सुरेश राव देखते हैं। वहीं सेक्टर 2 में 9 राज्य हैं, जिनको पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम व पूर्व विधायक अतर सिंह राव देख रहे हैं। सेक्टर नंबर 3 लखनऊ पार्टी केंद्रीय कैंप कार्यालय द्वारा देखा जाता है। उन्होंने चारों केंद्रीय सेक्टर प्रभारियों से बाढ़ प्रभावितों की मदद करने को कहा है।