यूपी में तीन महीने आबकारी विभाग ने कमाए 11784 करोड़।
- फोटो : अमर उजाला
इस वर्ष की पहली तिमाही में प्रदेश सरकार के खजाने में 51345 करोड़ रुपये आए। इसमें करीब 28 हजार करोड़ रुपये जीएसटी और वैट से मिले। दूसरे नंबर पर आबकारी विभाग से 11784 करोड़ और तीसरे नंबर पर 7415 करोड़ का राजस्व देकर स्टांप व निबंधन रहा। परिवहन का मुनाफा लगातार बढ़ रहा है और इन तीन महीनों में विभाग ने 2968 करोड़ कमाए। भू-राजस्व के अंतर्गत 113 करोड़ और ऊर्जा के अंतर्गत 733 करोड़ रुपये का राजस्व अप्रैल से जून के बीच मिला। ये जानकारी वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि पहली तिमाही का कुल राजस्व लक्ष्य 66794 करोड़ रुपये था। प्राप्त राजस्व निर्धारित लक्ष्य का 76.9 प्रतिशत है।
मंगलवार को वित्त मंत्री ने बताया कि जून में कुल 16924.73 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि पिछले वर्ष जून में 15,609.35 करोड़ राजस्व मिला था। यानी पिछले वर्ष के जून माह की तुलना में इस जून में 1,315.38 करोड़ अधिक मिले। जून में जीएसटी बढ़ा है। इस बार 6656 करोड़ मिले। पिछली बार 5623 करोड़ रुपये आए थे। पिछले वर्ष जून में वैट से मिले 2808 करोड़ की तुलना में इस बार 2826 करोड़ मिले।
पिछली जून की तुलना में इस बार जून माह में आबकारी की कमाई घट गई जबकि इस बार चुनावी सीजन था। पिछले वर्ष जून में आबकारी से 3622 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था जबकि इस बार 3432 करोड़ रुपये मिले। आबकारी मद के यह आंकड़े 28 जून तक के हैं। स्टाम्प और निबन्धन के अन्तर्गत पिछले महीने 2510 करोड़ आए। पिछले वर्ष इसी माह 2319 करोड़ आए थे। परिवहन ने इसी अवधि में पिछले वर्ष की तुलना में 300 करोड़ ज्यादा राजस्व देते हुए 1126 करोड़ दिए। भू-तत्व व खनिकर्म के अन्तर्गत 373 मिले। पिछले जून में 432 करोड़ का राजस्व मिला था।