राजधानी में पति ने पत्नी को एक अधिकारी के साथ कार में देखकर बीच सड़क पर हंगामा किया। पति ने पत्नी को साथ ले जाने की गुहार लगाई, जबकि पत्नी ने वैवाहिक विवाद अदालत में लंबित होने की बात कही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राजधानी के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित बटलर पैलेस रोड पर सोमवार को पति-पत्नी के बीच बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ कार में देखा, जिसके बाद उसने बाइक लगाकर कार रोक ली और सड़क पर ही विवाद शुरू कर दिया। यहां तक की पति ने अधिकारी के पैर पड़े और हाथ जोड़ा कि मेरी पत्नी को प्लीज छोड़ दो।
विज्ञापन
पति बोला- अधिकारी ने पत्नी को बहलाया
पति ने आरोप लगाया कि एलआईसी में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी आनंद मिश्रा ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में ले रखा है। उसका यह भी आरोप है कि अधिकारी उसकी पत्नी को अपने कब्जे में रखे हुए हैं और उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। वहीं, महिला का कहना है कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसने बताया कि वह फिलहाल पति के साथ नहीं रहती है।
सड़क पर अफरातफरी का माहौल
घटना के दौरान कुछ देर तक सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की सच्चाई और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।