प्रदेश के कुछ हिस्सों में मार्च से ही लू दस्तक देगी। हालांकि यह बहुत प्रभावी नहीं होगी। अप्रैल से मई तक लू का प्रकोप पूरे यूपी में रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर राहत विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
विद्युत कटौती के समय में होगा बदलाव
लू से बचाव के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पर्याप्त रखने के निर्देश दिए हैं। अधिक मांग वाले समय में विद्युत कटौती का समय बदलने के निर्देश दिए हैं। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सभी प्रकार के ररखरखाव कार्य 31 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लू तेज हुई तो बदलेगा स्कूलों का समय
लू का प्रकोप बढ़ने पर स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थाओं में छाया व पानी की उचित व्यवस्था की जाएगी। विद्यार्थियों के आउटडोर शारीरिक क्रियाकलाप बंद रहेंगे।
श्रमिकों को भी राहत दिलाएं मनरेगा श्रमिकों के काम की अवधि में बदलाव करने के साथ ही कार्यस्थल पर छाया व पेयजल की उचित व्यवस्था की जाएगी। औद्योगिक व अन्य श्रमिकों के लिए गर्मी संबंधित बीमारियों के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। खुले मैदान में होने वाले कार्य के लिए उसके अवधि में बदलाव किया जाएगा।
पशुओं की सुरक्षा के प्रबंध करें
मुख्य सचिव ने पशुओं की सुरक्षा के लिए लू एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। पशुपालकों और किसानों को लू की स्थिति में पशुओं की सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। पशुओं के लिए आश्रय स्थलों, वेटनरी मेडिसिन व पेयजल की उचित व्यवस्था की जाएगी।
पर्यटकों व श्रद्धालुओं का करें बचाव
लू के मद्देनजर पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी होगी। उनका पंजीकरण किया जाएगा। मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर आए श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आश्रय स्थल और पेयजल की उचित व्यवस्था की जाएगी।