उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात 9 जिलों के पुलिस कप्तान समेत 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें डीआईजी के पद पर प्रमोशन पा चुके कानपुर के एसएसपी अनंत देव और सीतापुर के एसएसपी एलआर कुमार को नई तैनाती दी गई है।
अनंत देव को एसटीएफ में डीआईजी बनाया गया है वहीं एलआर कुमार को सतर्कता अधिष्ठान में डीआईजी बनाया गया है। सहारनपुर के एसएसपी दिनेश कुमार पी. कानपुर नगर के एसएसपी होंगे। शाहजहांपुर के एसएसपी एस चनप्पा को सहारनपुर भेजा गया है।
वहीं पीलीभीत के एसपी अभिषेक दीक्षित को प्रयागराज का एसएसपी बनाया गया है। प्रयागराज के एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध को प्रतीक्षारत कर दिया गया है। डीजीपी मुख्यालय पर एसपी क्राइम के पद पर तैनात एस आनंद को शाहजहांपुर का एसपी बनाया गया है।
एसपी एटीएस आरपी सिंह को सीतापुर का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। उन्नाव के एसपी विक्रांत वीर को हाथरस, गौरव बंसवाल को हाथरस से एसपी क्राइम डीजीपी मुख्यालय भेजा गया है। लंबे समय से जिले की पोस्टिंग का इंतजार कर रहे रोहन पी कनय को एसपी साइबर क्राइम से एसपी उन्नाव बनाया गया है।
सीबीसीआईडी के एसपी जय प्रकाश पीलीभीत के नए एसपी बनाए गए हैं। वहीं बागपत से प्रताप गोपेंद्र यादव को हटा दिया गया है उनके स्थान पर अजय कुमार सिंह को भेजा गया है।