फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: विधानमंडल के पहले ही दिन पेश किया जाएगा अनुपूरक व अंतरिम बजट

Tue, 20 Dec 2016 02:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
विधानमंडल के आगामी सत्र के पहले दिन ही सरकार चालू वित्त वर्ष का दूसरा अनुपूरक बजट और आगामी वित्त वर्ष का अंतरिम बजट व लेखानुदान पेश करने की तैयारी कर रही है। वित्त विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। विधानमंडल का यह आखिरी सत्र माना जा रहा है। इसके संक्षिप्त ही रहने की संभावना है।
विज्ञापन


विधानमंडल का सत्र 21 दिसंबर से आहूत किया गया है। सत्र के पहले ही दिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2016-17 का पहला अनुपूरक बजट व 2017-18 का अंतरिम बजट व पांच महीने का लेखानुदान पेश कर सकते हैं। कैबिनेट इनसे जुड़े प्रस्तावों पर पहले ही सहमति दे चुकी है।

हालांकि विधानसभा का प्रस्तावित कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन विधान परिषद ने अपना दो दिनों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अनुपूरक बजट में लखनऊ से बलिया तक समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए भारी-भरकम बजट का बंदोबस्त किया जा सकता है।
विज्ञापन


आईएएस वीक के दौरान प्रशासनिक  अधिकारियों को संबोधन में मुख्यमंत्री इसका संकेत कर चुके हैं। लोक निर्माण, सूचना व संस्कृति महकमे से जुड़े प्रस्ताव भी आ सकते है।

लाया जा सकता है अप्रैल से अगस्त तक लेखानुदान

इसके अलावा 2017-18 के अंतरिम बजट व अप्रैल से अगस्त तक का लेखानुदान भी लाया जाएगा। अंतरिम बजट का आकार 40 हजार करोड़ रुपये और लेखानुदान का आकार 16 हजार करोड़ के आसपास हो सकता है।

लेखानुदान में चालू योजनाओं व वेतन-भत्ते जैसे जरूरी खर्च का प्रावधान होगा। आगामी वित्त वर्ष का आम बजट 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्वाचित नई सरकार लाएगी।

कार्यमंत्रणा समिति व सर्वदलीय बैठक आज
विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने विधानसभा सत्र के मद्देनजर मंगलवार को कार्यमंत्रणा समिति और सर्वदलीय बैठक बुलाई है। पांडेय सुबह 10 बजे सुरक्षा संबंधी बैठक करेंगे। 11 बजे कार्यमंत्रणा समिति की और दोपहर 12 बजे सर्वदलीय बैठक होगी।
विज्ञापन

विधान परिषद ने दो दिन का कार्यक्रम तय किया

विधान परिषद ने सत्र के दो दिनों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 21 दिसंबर को औपचारिक कार्य, अध्यादेशों, अधिसूचनाओं, नियमों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। यदि कोई विधेयक फिर से रखने के लिए आएगा तो उसे रखा जाएगा।

दोपहर 12.20 बजे 2016-17 का दूसरा अनुपूरक बजट और 2017-18 का अंतरिम बजट पेश होगा। 22 दिसंबर को 2016-17 के अनुपूरक अनुदान मांगों पर सामान्य चर्चा तथा विधानसभा द्वारा पारित विनियोग विधेयक पर विचार कर उसे पास किया जाएगा।

इसी दिन विधानसभा द्वारा पारित 2017-18 के अंतरिम बजट व लेखानुदान पर विचार कर पास किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें