गरीब परिवारों को बेटियों के जन्म पर सूबे की सरकार 50 हजार रुपये का बॉन्ड देगी। इसके लिए महिला कल्याण विभाग भाग्यलक्ष्मी योजना का खाका तैयार कर रहा है। इसमें बेटियों को जन्म देने वाली मां को भी 5100 रुपये दिए जाएंगे।
शीघ्र ही इस योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट के समक्ष मंजूरी के लिए रखा जाएगा। मुख्यमंत्री गरीब परिवारों को बेटियों के जन्म पर उन्हें प्रोत्साहन देने जा रहे हैं। ताकि, वे बेटियों को बोझ न समझें।
बेटियों का लालन-पोषण अच्छे ढंग से हो इसलिए उन्हें जन्म के समय 50 हजार रुपये का बॉन्ड दिया जाएगा। इस योजना के जरिये सरकार सूबे में घट रहे लिंग अनुपात को भी सुधारेगी।
सरकार भाग्यलक्ष्मी योजना के तहत बीपीएल परिवारों के साथ ही दो लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों को भी शामिल करने जा रही है। बॉन्ड के साथ बैंक की एफडी के विकल्प पर भी विचार हो रहा है।