फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी सरकार कर रही है नेपाल की सबसे ज्यादा मदद

Mon, 27 Apr 2015 01:22 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश सरकार ने नेपाल भूकंप पीड़ितों को लिए 21 ट्रक राहत सामग्री रवाना की। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर सभी ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर राहत सामग्री को रवना किया।
विज्ञापन


इस मौके पर प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्य व शासन के कई अधिकारी भी मौजूद थे। इन ट्रकों में मिनरल वाटर, बिस्कुट और दवाइयां भेजी गई हैं।

इस बीच, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राहत सामग्री ले जाने वाले ट्रकों तथा राहत कार्यों में लगे अन्य वाहनों के ड्राइवरों को प्रतिदिन 500 रुपये अतिरिक्त भत्ता देने की घोषणा की है।

ट्रकों को रवाना करते हुए चौधरी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार नेपाल सरकार और नेपाल के लोगों की हर संभव मदद को तैयार है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेपाल की आवश्यकतानुसार हर तरह की सहायता के निर्देश दिया है। साथ ही अधिकारियों को भी इस सिलसिले में तत्काल फैसले करने को कहा है। पहले चरण में भेजे गए 21 ट्रकों में 10 ट्रकों में बिस्कुट, 10 ट्रक में पानी और एक ट्रक में दवाइयां भेजी गई हैं।
विज्ञापन

सौ बसों का बेड़ा भी किया रवाना

उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि राहत सामग्री लेकर नेपाल जाने वाले ट्रक ड्राइवरों सहित नेपाल भूकंप के मद्देनजर राहत कार्यों में लगाए गए एंबुलेंस, बसों सहित अन्य सभी वाहनों के ड्राइवरों को प्रतिदिन 500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ने भी 23 डॉक्टरों व 24 पैरा मेडिकल स्टाफ समेत 47 सदस्यीय चिकित्सा दल को नेपाल भेजा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अल्प समय के आग्रह पर विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा चिकित्सा दल को नेपाल रवाना करने पर उनको धन्यवाद कहा है।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने भी राहत कार्यों के लिए सौ बसों को बेड़ा रवाना किया है। यह बसें भूकंप पीड़ितों को नि:शुल्क उन स्थानों तक पहुंचाएंगी, जहां से लोगों को गंतव्य तक जाने का आसानी से साधन मुहैया हो जाए।

सेना भी जुटी: नेपाल में आए भूकंप के मद्देनजर मध्य वायु कमान मुख्यालय इलाहाबाद ने अपने आठ एमआई 17 हेलीकॉप्टर को बचाव व राहत कायों में जुटाया है। सैन्य सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के ऑपरेशन मैत्रीय के तहत चार-सी 17, तीन -सी 130 विमान, और तीन आईएल-76 विमानों से राहत सामग्री, फील्ड अस्पताल और आधारभूत ढांचे को ठीक करने के लिए इंजीनियरिंग कोर यूनिट भी काठमांडू गई है।

केजीएमयू की 45 सदस्यीय टीम नेपाल रवाना

इसके अलावा भूकंप में घायल हुए लोगों को इलाज मुहैया कराने के लिए केजीएमयू की 47 सदस्यीय टीम रविवार शाम को काठमांडू के लिए रवाना हो गई। इस टीम को वहां पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने एक वाल्वो बस मुहैया करायी।

रविवार शाम को केजीएमयू कुलपति, सीजीएम प्रशासन सुरेंद्र राम, लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय कुमार, ट्रॉमा सेंटर के सह प्रभारी डॉ. विनोद जैन की मौजूदगी में बस को रवाना किया गया।

कुलपति प्रो. रविकांत ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेपाल में आई आपदा पीड़ितों को इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री आवास पर हुई वार्ता के बाद जनरल सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. संदीप तिवारी के नेतृत्व में 45 सदस्यी टीम को काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया।

इस टीम के लिए परिवहन निगम में यूपी 32 डीएन 5606 वाल्वो बस उपलब्ध करायी है। सीजीएम सुरेंद्र राम ने बताया कि बस इस टीम को लेकर रविवार रात को गोरखपुर पहुंचेगी। जहां रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह काठमांडू के लिए रवाना होगा।

इससे पहले कुलपति प्रो. रविकांत ने नेपाल में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागाध्यक्षों और सीनियर डॉक्टर की इमरजेंसी मीटिंग बुलायी थी। जिसमें डॉक्टरों से नेपाल में मदद के लिए जाने के इच्छुक लोगों के नाम मांगे गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर टीम का गठनकर उसे काठमांडू भेजा गया।

स्वास्थ्य विभाग ने भेजी दवाएं, सुबह 5.30 बजे रवाना हुआ ट्रक

स्वास्थ्य विभाग ने भी एक ट्रक दवाएं काठमांडू भेजी। सीएमओ डॉ.एसएनएस यादव के नेतृत्व में बलरामपुर, सिविल, लोहिया, रानी लक्ष्मीबाई, लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस व प्रभारी फार्मासिस्टों ने आईवी फ्ल्यूड, एंटीबायटिक सहित जीवन रक्षक दवाएं स्वास्थ्य महानिदेशालय पर इकठ्ठा की।

रविवार सुबह 4.30 बजे तक दवाएं इकठ्ठा करने के बाद एक ट्रक से उसे रवाना कर दिया गया। ट्रक में लगभग तीन हजार आईवी फ्ल्यूड की बोतले, ड्रेसिंग का सामान भी काठमांडू भेजा गया है।

ट्रक के साथ एक डॉ.अनिल चौधरी, फार्मासिस्ट एचपी वर्मा और वार्ड ब्वॉय संजय भी काठमांडू गए हैं। ये सभी दवा नेपाल सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर वापस आ जाएंगे। प्रभारी अधिकारी फार्मेसी एसके यादव ने बताया कि अंडर सीएमओ अस्पतालों से भी दवाएं उपलब्ध करायी गई।
विज्ञापन

भूकंप पीड़ितों के प्रति सपा ने जताई संवेदना

समाजवादी पार्टी ने भूकंप की तबाही से नेपाल व भारत में हुए जान-माल के नुकसान पर दुख जताया है। सपा ने भूकंप की तबाही में मरने वालों के प्रति शोक जताते हुए गहरी संवेदना प्रकट की है।

सपा मीडिया प्रभारी विवेक मणि श्रीवास्तव ने बताया कि सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी महफूज खां ने भूकंप से हुए नेपाल व भारत में जान-माल की तबाही पर शोक जताया है।

जिलाध्यक्ष खां ने कहा कि प्राकृतिक आपदा है, इसमें तबाह हुए लोगों की मदद के लिए सभी को सहयोग करना होगा। राज्यमंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह, विधायक नंदिता शुक्ला आदि ने भी भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें