ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में 33.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश करार के बाद सरकार जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी आयोजित कर इन करारों को धरातल पर उतारेगी। जैसे-जैसे यह सेरेमनी होगी, वैसे-वैसे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार की असीम संभावनाएं बनेगी। समिट के सफल आयोजन के लिए बीते छह माह तक दिन रात एक करने वाले अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) अरविंद कुमार ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में यह बात कही।
अरविंद कुमार इसी 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सेवानिवृत्ति से पहले समिट का आयोजन उनके सेवाकाल में एक कीर्तिमान की तरह जुड़ा है। अरविंद ने कहा कि करार करने वाले प्रत्येक निवेशक से लगातार संपर्क व संवाद किया जाएगा, जिससे कि अधिक से अधिक करार को धरातल पर उतारा जा सके। इसके लिए संबंधित सेक्टर से जुड़े विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की मंशा के अनुरूप उन्हें हर संभव सहयोग व सहूलियतें दी जाएंगी।
ये भी पढ़ें -
यूपी में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट से सरकार ने बदला माहौल, लक्ष्य से तीन गुना ज्यादा साइन हुए एमओयू
ये भी पढ़ें -
चरखे के सहारे चल पड़ी जीवन की गाड़ी: खादी- ग्रामोद्योग बोर्ड के सहयोग से बदली सुनीता जैसे कई परिवारों की जिंदगी
आयुक्त ने कहा देश के अमृतकाल के साथ ही यूपी का सुनहरा काल शुरू हुआ है। एमओयू धरातल पर उतरने से प्रदेश का औद्योगिक विकास तेजी से बढ़ेगा। एमएसएमई सेक्टर के साथ लॉजिस्टिक, फार्मा, नवीनीकृत ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, चिकित्सा उपकरण आदि क्षेत्र में बड़ा काम होगा।
जिला स्तर तक निगरानी
आयुक्त ने कहा, इस बार जिला स्तर पर बड़ी संख्या में करार हुए हैं। इनको जमीन पर उतारने के लिए डीएम व जिला उद्योग बंधु के स्तर पर उनकी सतत निगरानी की जाएगी। प्रदेश स्तर से भी नियमित समीक्षा होगी।
परीक्षण के बाद करार
अप्रत्याशित निवेश प्रस्तावों की उपलब्धि पर कहा कि उद्यम स्थापित करने के लिए जितने भी प्रस्ताव आए, उनका परीक्षण करने के बाद ही करार हुए। प्रस्ताव की व्यवहारिकता या औचित्य देखा गया है।
उद्यमी मित्रों की भूमिका अहम होगी
उद्यमी मित्र नियुक्त करने की कार्यवाही जल्द शुरू की जाएगी। उन्हें सेक्टर या क्षेत्रवार निवेशकों की सूची सौंपकर निवेश को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उद्यमी मित्रों के कामकाज की समीक्षा होगी। उनके सामने आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
बच्चे भी देंगे रोजगार
अरविंद कुमार ने कहा कि स्टार्टअप प्रदर्शनी में 12 से 18 साल तक के बच्चों के स्टार्टअप में तैयार तकनीक और उत्पाद आश्चर्यजनक हैं। स्टार्टअप को निवेशकों का सहयोग मिल रहा है। इसके बाद यूपी के बच्चे भी लोगों को रोजगार देंगे।