यूपी सरकार ने एनीमिया से प्रभावित परिवारों के लिए आयरन व आयोडीन युक्त (डबल फोर्टिफाइड) समाजवादी नमक वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की है। राशन की दुकानों से रियायती दर पर लोगों को यह नमक मिलेगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर इस योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एनीमिया की जानकारी के अभाव में लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है। समाजवादी सरकार चाहती है कि लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हो।
लोग मानसिक रूप से स्वस्थ हों और आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ हो। सर्वे में जिन 10 जिलों में एनीमिया के आंकड़े खराब मिले हैं, वहां पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह योजना शुरू की जा रही है। आगे और जिलों में इसे बढ़ाया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद मंत्री कमाल अख्तर की तारीफ भी की, लेकिन योजना देर से शुरू होने पर अफसोस भी जताया। उन्होंने कहा कि समय न मिलने से यह योजना टल रही थी।
सर्वे में सामने आई महिलाओं व बच्चों की चिंताजनक तस्वीर
अख्तर ने कहा कि यह योजना एक सर्वे के बाद लागू की गई है। सर्वे में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की स्थिति के बारे में चिंताजनक तस्वीर सामने आई थी। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री के साथ सांसद डिम्पल यादव को विशेष श्रेय दिया।
कार्यक्रम में डिम्पल यादव को भी रहना था, लेकिन संसद सत्र की वजह से वह शामिल नहीं हो सकीं। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने आभार जताया।
खाद्य आयुक्त अजय चौहान ने भी विचार रखे। इस मौके पर मंत्री अभिषेक मिश्र खासतौर से उपस्थित थे। योजना में सलाहकार की भूमिका निभा रहे टाटा ट्रस्ट के प्रतिनिधि राजन शंकर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इन जिलों में शुरू हुई योजना
फैजाबाद, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, मऊ, मेरठ, फर्रु खाबाद, मुरादाबाद, हमीरपुर, इटावा और औरैया। इन जिलों में बीपीएल व अंत्योदय के सभी राशन कार्डधारकों व 60 फीसदी एपीएल राशनकार्ड धारकों को यह डबल फोर्टिफाइड नमक दिया जाएगा। राज्य कर्मचारी कल्याण निगम इसके लिए नोडल एजेंसी होगा। प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय निगरानी समिति होगी।