यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि एटीएस के दिवंगत एएसपी राजेश साहनी की बेटी की पढ़ाई का खर्च यूपी सरकार वहन करेगी और अगर उनकी पत्नी सरकारी सेवा में आना चाहती हैं तो उन्हें ओएसडी का पद दिया जाएगा। इसके साथ ही उनका सरकारी आवास बना रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने इस मामले में गृह विभाग को कार्यवाही करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। आपको याद दिला दें कि एएसपी राजेश साहनी ने मंगलवार को अपने ऑफिस में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। जिसकी सीबीआई जांच की तैयारी चल रही है।
वहीं, सीबीआई राजेश साहनी की मौत के मामले में अभी तथ्यों को ही परख रही है। साहनी की मौत के छह दिन बीत चुके हैं पर अधिकारी मौत की वजह, सुसाइड किया तो किसने उकसाया, पारिवारिक कलह या काम का दबाव जैसे सवालों के उत्तर ढूंढ रहे हैं।
लोगों को उम्मीद थी कि मामला आतंकवाद और आईएसआई एजेंट की तफ्तीश से जुड़ा होने के कारण सीबीआई तत्परता दिखाएगी, पर ऐसा नहीं हुआ। इस घटना के दूसरे दिन ही डीजीपी ने एडीजी जोन से जांच करने के निर्देश दिए उसके बाद सरकार ने सीबीआई के लिए सिफारिश कर दी थी। सूत्रों का कहना है कि एडीजी जोन ने फोरेंसिक लैब से कुछ दस्तावेज मांगे हैं, जिससे पहले यह पुष्टि हो कि यह आत्महत्या है उसके बाद ही वह मामले से जुड़े लोगों के बयान लेंगे।