मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद में एलएलबी के छात्र दिलीप सरोज की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिलीप के परिजनों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने इन घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि इस समय प्रदेश अपराधियों के हवाले है। अपराधी बेखौफ हत्याएं कर रहे हैं और पुलिस एनकाउंटर की आड़ में निर्दोषों को ठिकाने लगा रही है।
अखिलेश ने कहा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र दिलीप सरोज की बेरहमी से हत्या इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। प्रदेश सरकार को दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने मृतक छात्र के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
कहा कि राज्य सरकार के दस महीने के कार्यकाल में प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। व्यापारियों के जान-माल की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में यहां कौन निवेश करने आएगा?
इलाहाबाद दौरा टला : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का 14 फरवरी का इलाहाबाद दौरा स्थगित हो गया है। उन्हें इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होना था। दौरा टलने की वजह दलित छात्र की हत्या माना जा रहा है।