अपनी मांगों को लेकर दुबग्गा डिपो में कार्यरत चार संविदा परिचालकों ने सोमवार सुबह गोल्फ क्लब चौराहे के पास खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया। पहले से मौजूद पुलिस टीम ने चारों को पकड़ लिया और थाने ले गई। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि सुबह करीब 11.40 बजे दुबग्गा डिपो में तैनात संविदा परिचालक औरैया निवासी मुकेश सैनी, उन्नाव निवासी ज्ञानेंद्र रावत, कानपुर निवासी नितिन श्रीवास्तव और गोंडा निवासी अभिषेक सिंह बोतले में ज्वलनशील पदार्थ लेकर गोल्फ क्लब चौराहे पहुंचे।
वह लोग संविदा परिचालकों को कथित रूप से निजी आउटसोर्सिंग व्यवस्था में समायोजित किए जाने, लंबित वेतन भुगतान, कर्मचारियों के उत्पीड़न व भेदभाव पूर्ण कार्रवाई का विरोध में गोल्फ क्लब चौराहे पहुंचे थे। नारेबाजी करते हुए चोेरों ने खुद पर ज्वनलशील पदार्थ डाल लिया।
आत्मदाही निरोधक टीम ने चारों को पकड़ा
गोल्फ क्लब चौराहे व उसके आसपास के वीआईपी इलाके में पहले से ही आत्मदाही निरोधक टीम की तैनाती रहती है। चारों ने जैसे ही खुद पर ज्वनलशील पदार्थ डाला, पुलिस टीम ने चारों को घेर कर पकड़ लिया। इस दौरान संविदा परिचालकों की पुलिस वालों से नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलते ही मौके पर गौतमपल्ली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस चारों को पकड़ कर थाने ले गई। एसीपी ने बताया कि चारों के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।