पद्मश्री मो. शाहिद स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में दिन के आखिरी क्वार्टर फाइनल में यूपी करम का सामना एमएमएस अकादमी (हरियाणा) से हुआ। मैच का पहला गोल एमएमएस अकादमी के नाम रहा, जो खेल के 21वें मिनट में कप्तान ऋषि ने साथी खिलाड़ी के पास पर किया। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले अंशुल पाल ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर किया। खेल के 37वें मिनट में यूपी को पेनाल्टी कार्नर मिला, जिसे विवेक यादव ने गोल में बदलने में कोई भी चूक नहीं की। खेल के 47वें मिनट में ऋषि ने मैदानी गोल करते हुए एमएमएस अकादमी को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। मैच का निर्णायक गोल खेल 56वें मिनट में आया, जब अंशू पाल ने एमएमएस अकादमी की रक्षापंक्ति को भेदते हुए बेहतरीन मैदानी गोल किया।
इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और यूपी करम ने 3-2 की जीत के साथ अंतिम चार में जगह बनाई। प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल में पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मोहाली ने पेनाल्टी शूटआउट तक चले मुकाबले में ध्यानचंद अकादमी (तमिलनाडु) को 4-2 से पराजित किया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा।
परिणाम के लिए शूटआउट का सराहा लिया गया, जिसमें माेहाली ने अपने गोलकीपर एकमजोत सिंह के दमदार प्रदर्शन की बदौलत 4-2 से जीत दर्ज की। तीसरे क्वार्टर फाइनल में गत विजेता ओडिशा की नवल टाटा अकादमी ने हरियाणा की फि्लकर ब्रदर्स को 4-2 से हराया।
विजेता टीम की ओर से अभिषेक ने दो गोल किए, जबकि नितेश और अमित एक-एक गोल करने मेें सफल रहे। पराजित टीम से विशाल और विराट सिंह ने एक-एक गोल किए। प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल में राउंडग्लास अकादमी (पंजाब) की भिड़ंत होली वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी (पंजाब) से हुई। यह मुकाबला भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें राउंडग्लास अकादमी ने 2-1 से श्रेष्ठता साबित करते हुए अंतिम चार का टिकट कटाया।
विजेता टीम से रंजीत सिंह और अभिजोत सिंह ने गोल दागे, जबकि पराजित टीम से प्रिंसिपल सिंह एकमात्र गोल करने में सफल रहे। प्रतियोगिता में मंगलवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
सेमीफाइनल लाइनअप
नवल टाटा अकादमी बनाम राउंडग्लास अकादमी
यूपी करम बनाम पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मोहाली
नवल टाटा अकादमी और फि्लकर ब्रदर्स के खिलाड़ी गेंद के लिए भिड़ते हुए।
नवल टाटा अकादमी और फि्लकर ब्रदर्स के खिलाड़ी गेंद के लिए भिड़ते हुए।
नवल टाटा अकादमी और फि्लकर ब्रदर्स के खिलाड़ी गेंद के लिए भिड़ते हुए।