इसके पहले, कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का शंखनाद करते हुए जिला और शहर अध्यक्षों को फिलहाल नहीं बदलने का फैसला किया। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में अध्यक्षों को चुनावी रणनीति और सियासी जंग जीतने के गुर सिखाए गए। साथ ही पार्टी की रीति-नीति और शीर्ष नेतृत्व के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में सभी जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों, फ्रंटल एवं विभागों के अध्यक्षों समेत 165 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहित वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें संबोधित किया।
पदाधिकारियों से कहा गया कि वे कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ जोड़ें, उनकी राय लें और संगठन को मजबूत करें। पार्टी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म का सकारात्मक उपयोग करें। बैठक में वार रूम की महत्ता, एसआईआर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश को जनता तक पहुंचाने और मतदाताओं के वोट सुरक्षित रखते हुए उन्हें बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया।