लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों में से मोहनलालगंज और लखनऊ मध्य पर मतगणना के समय सबकी नजर रहेगी। इसकी वजह यह है कि इन सीटों पर बहुत ही कम अंतर से हार-जीत हुई थी। इस बार भी दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। ऐसे में 2017 की तरह यहां 2022 के परिणाम भी चौंका सकते हैं।
2017 विस चुनाव में मोहनलालगंज से सपा के अंबरीश पुष्कर केवल 530 वोटों से जीते थे। दूसरे नंबर पर बसपा के राम बहादुर, पूर्व आईएएस अधिकारी रहे। इस बार यहां सपा से सुशीला सरोज, भाजपा से अमरेश कुमार और बसपा से देवेंद्र कुमार मैदान में हैं। वहीं, लखनऊ मध्य से पिछली बार भाजपा के प्रत्याशी बृजेश पाठक को 5034 वोटों से जीत मिली थी। इस बार पाठक लखनऊ छावनी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा से लखनऊ मध्य से कई बार से पार्षद रहे रजनीश कुमार गुप्ता खड़े हैं। उनके खिलाफ इस बार भी सपा के रविदास मेहरोत्रा ही हैं। रविदास को ही बृजेश पाठक ने हराया था।
नोटा को मिले थे अधिक वोट
मोहनलालगंज सीट पर नोटा (नन ऑफ द अबव) को हार-जीत के अंतर से अधिक वोट मिल गए थे। यह संख्या आधे से अधिक प्रत्याशियों से अधिक वोट पाने की रही। मोहनलालगंज में हार-जीत का अंतर 530 था, जबकि यहां नोटा को 3471 वोट पड़े। वहीं, 13 में से नौ प्रत्याशियों को इससे कम वोट मिले थे। लखनऊ मध्य में भी नोटा को 824 वोट मिले थे। यहां भी 17 में से 12 प्रत्याशियों को इससे भी कम वोट मिले थे। सबसे अधिक नोटा पर वोट मोहनलालगंज में ही पड़े। दूसरे नंबर पर इसका उपयोग बख्शी का तालाब में हुआ। यहां 2271 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।
लखनऊ पूर्व में रही एकतरफा हवा
लखनऊ पूर्व सीट में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टंडन के लिए एक तरफा जीत की हवा रही थी। 2017 में वह 79,230 वोट से जीते थे। इस बार भी भाजपा इस सीट को सुरक्षित मान रही है। सरोजनीनगर में भाजपा प्रत्याशी स्वाती सिंह 34,179 वोटों से जीती थी। इस बार भाजपा से यहां ईडी के पूर्व अधिकारी राजेश्वर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बीकेटी, पश्चिम और मलिहाबाद सीट पर भी कांटे की टक्कर दिख रही है।
इस तरह रहा हार-जीत का अंतर
विधानसभा जीत का अंतर
मोहनलालगंज 530 (सपा जीती)
लखनऊ मध्य 5094 (भाजपा जीती)
लखनऊ पश्चिम 13072 (भाजपा जीती)
बख्शी का तालाब 17584 (भाजपा जीती)
मलिहाबाद 22668 (भाजपा जीती)
लखनऊ उत्तर 27276 (भाजपा जीती)
लखनऊ छावनी 33796 (भाजपा जीती)
सरोजनीनगर 34179 (भाजपा जीती)
लखनऊ पूर्व 79230 (भाजपा जीती)