उत्तर प्रदेश शासन, माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 ने सोमवार को चार अलग-अलग आदेश जारी कर प्रदेश के चार जिलों में नए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की तैनाती कर दी है। सभी आदेश उप सचिव चन्द्र श्याम मिश्रा की ओर से जारी किए गए हैं।
विज्ञापन
शासनादेश के अनुसार, सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती के पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना कार्यभार ग्रहण किए अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। रजनी मिश्रा को महाराजगंज का, मायाराम को औरैया का, हर्ष देव स्वामी को हाथरस का और पशुपति नाथ मिश्रा को अमरोहा का डीआईओएस नियुक्त किया गया है।
बहराइच के DIOS को मिली पदोन्नति
बहराइच के जिला विद्यालय निरीक्षक सदानन्द को मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक (मा.) आगरा एवं मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक (मा.) अलीगढ़ बनाया गया है। साथ ही उन्हें प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, अलीगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वहीं, झांसी/चित्रकूट के उप शिक्षा निदेशक (मा.) श्री राजेश कुमार वर्मा को प्रभारी मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, झांसी एवं मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, चित्रकूट का अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक सौंपा गया है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण आदेश का पालन न करने पर संबंधित कार्मिक को कार्यमुक्त न किया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।