डीजी ने बताया कि 67 जिलों के 1174 केंद्रों पर भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। परीक्षा के प्रश्न पत्रों की छपाई, परिवहन आदि पर तकनीक के जरिए पैनी नजर रखी गयी है। साथ ही, जिलों में ट्रेजरी और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा भी ईवीएम की तर्ज पर हो रही है। हर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी लगाए गए हैं। प्रत्येक जिले में एडीएम और एएसपी को नोडल अधिकारी बनाने के साथ परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की संख्या के मुताबिक एसपी से लेकर सब इंस्पेक्टर तक की तैनाती की गयी है। इसके अलावा बोर्ड ने पर्यवेक्षक भी तैनात किए हैं।
धार्मिक चिन्हों पर प्रतिबंध नहीं
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के अनुरोध पर परीक्षा केंद्र में धार्मिक चिन्ह जैसे मंगलसूत्र, कड़ा आदि धारण करने पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। बोर्ड ने सभी केंद्रों के कमरों के लिए 17 हजार घड़ियां भी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उपलब्ध करायी है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा लॉकर की व्यवस्था की जाएगी, जिसकी पर्ची को अभ्यर्थी अपने साथ ले जा सकेंगे। अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए राज्य सरकार ने बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की है। वहीं बोर्ड ने रेलवे से ट्रेनों में अतिरिक्त बोगी की व्यवस्था करने को कहा है।