बसपा के पांच विधायकों के पार्टी से बगावत करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बसपा ने जनाधार खो दिया है जल्द ही पार्टी खत्म हो जाएगी। उन्होंने सपा को भी नहीं बख्शा और कहा कि सपा-बसपा जनता के मुद्दों पर बात नहीं करते हैं केवल ट्विटर पर राजनीति करते हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बसपा भाजपा की बी टीम ही है। बसपा सुप्रीमो मायावती पिछले कुछ महीनों से जिस प्रकार ट्वीट कर रही हैं और बयान जारी कर रही हैं, उससे साफ है कि वह भाजपा की भाषा बोलती हैं। बसपा में जबरदस्त कलह चल रही है, विधायकों की सुनवाई नहीं होती है। आगामी दिनों में बसपा पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा प्रदेश की जनता, किसानों, दलितों और शोषितों के मुद्दे पर कहीं नजर नहीं आती हैं, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।