अपने खर्चे या निजी ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वालों को भी राज्य सरकार एक लाख रुपये देगी। प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य विभाग अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। यह अनुदान भारत सरकार सरकार द्वारा कराई जाने वाली यात्रा में शामिल होने वालों के अतिरिक्त व्यक्तिगत स्रोतों से यात्रा पूरी करने वालों को मिलेगा।
जीवन काल में किसी भी यात्री को केवल एक बार अनुदान मिलेगा। अनुदान के लिए यात्री को पासपोर्ट, यात्रा पूरी करने का प्रमाणपत्र और आधार कार्ड देना होगा।यात्रा पूरी करने के तीन माह के भीतर अनुदान के लिए धर्मार्थ कार्य विभाग की वेबसाइट पर आवेदन भेजना होगा। भारत सरकार की ओर से कराई जाने वाली मानसरोवर की यात्रा में शामिल प्रदेश के मूल निवासी के लिए राज्य सरकार से एक लाख रुपये अनुदान का प्रावधान है।