योगी ने रेल मंत्री से मथुरा जंक्शन पर टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर के निर्माण के संबंध में भी वार्ता की। मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इनमें ट्रेन के माध्यम से आने वाले यात्रियों की संख्या सर्वाधिक होती है। रेलवे स्टेशन पर टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर के निर्माण से मथुरा आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री से वृंदावन-मथुरा-गोकुल को जोड़ते हुए यमुना नदी पर जलमार्ग विकसित किए जाने के संबंध में विचार-विमर्श किया। इस जलमार्ग के विकास से मथुरा, वृंदावन एवं गोकुल तीर्थ स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता होगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री से ब्रज क्षेत्र के पौराणिक तथा ऐतिहासिक धरोहरों के पुनरुद्धार तथा पुनर्प्रतिष्ठा के संबंध में विस्तार से चर्चा की। ब्रज क्षेत्र की धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के धरोहरों की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए राज्य सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया गया है।