भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय कार्यकर्ताओं के साथ
- फोटो : amar ujala
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पूर्वोत्तर के राज्यों त्रिपुरा और नगालैंड में पार्टी की जीत पर रविवार को प्रदेश भर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विजय दिवस मनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वामपंथियों के गढ़ त्रिपुरा में भाजपा की दो तिहाई से अधिक बहुमत से जीत और नगालैंड में पार्टी गठबंधन की जीत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करिश्माई नेतृत्व तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कुशल नेतृत्व का कमाल है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि त्रिपुरा में जीत का श्रेय सीएम योगी आदित्यनाथ को भी जाता है। डॉ. पांडेय शनिवार को यहां पूर्वोत्तर में पार्टी की जीत पर मुख्यालय पर मनाए जा रहे जश्न में शामिल थे।
त्रिपुरा व नगालैंड में जीत की सूचना मिलने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का शनिवार को प्रदेश मुख्यालय पर जुटना शुरू हो गया। सभी ने आतिशबाजी कर और लड्डू खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी।
इनमें प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश सरकार में मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, संगठन मंत्री अशोक तिवारी, राज्य मंत्री स्वाति सिंह, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, हिमांशु दुबे, जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा शामिल थे। मीडिया प्रभारी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्र, जिला व महानगर मुख्यालय तथा सभी मंडल इकाइयों पर विजय दिवस उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा।