सीएम आदित्यनाथ योगी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि लोकतंत्र में भेदभाव की गुंजाइश नहीं होती। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी के साथ इंसाफ करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, चुनावी मंचों पर हम सब एक-दूसरे पर वार करते हैं, लेकिन इस सदन में प्रदेश की 22 करोड़ जनता के लिए हम सब मिलकर काम कर सकें, ऐसा माहौल बनना चाहिए।
सीएम ने कहा, जनता ने हमें जिस काम के लिए चुनकर भेजा है, हमारा ध्यान उसी पर होना चाहिए। मैं दृढ़ता से कह रहा हूं कि विपक्ष के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। हमें विपक्ष का भरपूर सहयोग चाहिए।
आबादी के हिसाब से उत्तर प्रदेश दुनिया के छठे नंबर के देश के बराबर है, लेकिन विकास दर और आम लोगों की समस्याओं को देखते हुए लगता है कि हम बहुत पीछे हैं। हम सबकी जिम्मेदारी है कि प्रदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में मिल-जुलकर काम करें।