सोमवार सुबह अयोध्या के प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ। चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान पूरा घाट छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
महापर्व के चौथे और अंतिम दिन भोर से ही श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ घाट पर पहुंचने लगे थे। रविवार शाम से ही घाट पर चहल-पहल शुरू हो गई थी। कई परिवार शाम के अर्घ्य के बाद रात भर वहीं रुके थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे से महिलाओं ने सूप, दौरा और पूजा सामग्री के साथ सरयू नदी में प्रवेश किया। ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष भी पूजा में बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पूर्व दिशा में सूर्य की पहली किरण दिखते ही व्रती महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और रोगों से मुक्ति की कामना की। सूर्योदय के समय सरयू नदी में सूरज की सुनहरी छटा और सैकड़ों दीयों की रोशनी मनमोहक थी। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद बांटा और अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़ा। पारण के बाद उनके चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
गोरखनाथ मंदिर स्थित भी सरोवर पर श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है इस समय करीब 80% तक श्रद्धालु घाट पर पहुंच चुके हैं बाकी परिवार वाले भीम पहुंच रहे हैं। आधी रात के बाद से ही यहां मेले जैसा माहौल है। श्रद्धालु छठ माता की पूजा अर्चना के साथ-साथ बाबा गोरखनाथ के भी दर्शन पूजन कर रहे हैं।
वरुणा पुल और शास्त्री घाट पर छठ पूजा की सुबह का नजारा। घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के जवान तैनात हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें भी मुस्तैद हैं।