प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को हुई मारपीट के मामले में कांग्रेस के ही पूर्व नेता कोणार्क दीक्षित ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह व 100 अज्ञात के खिलाफ हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंदिरानगर की बाल विहार कॉलोनी निवासी कोणार्क दीक्षित कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष व रिसर्च डिपार्टमेंट के पूर्व स्टेट कोआर्डिनेटर हैं। वह इन दिनों पार्टी से निष्काषित चल रहे हैं। इसी को लेकर कोणार्क मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ज्ञापन देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माल एवेन्यू स्थित कार्यालय गए थे। कोणार्क के साथ नागेंद्र पाठक, धीरज शुक्ल व रवि पाठक भी गए थे। जहां इन लोगों से मारपीट की गई थी।
कोणार्क ने बुधवार को हुसैनगंज थाने में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह, मोहम्मद तारिक, मोहम्मद शोएब और अनीस अख्तर के खिलाफ तहरीर दी। इसमें बताया कि जब वह पार्टी कार्यालय पहुंचे तो पोर्टिको की छत पर खड़े संदीप ने लल्लू के कान में कुछ बोला। इस पर लल्लू ने चिल्लाकर कार्यकर्ताओं से कहा कि इन लोगों को पीटकर भगा दो। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरिया व ईंटों से हमला कर दिया। इससे कोणार्क व उनके तीनों साथी घायल हो गए।
हुसैनगंज इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि कोणार्क दीक्षित की तहरीर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह, मोहम्मद तारिक, मोहम्मद शोएब और अनीस अख्तर के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 323, 504, 506 व 153-ए के तहत मुकदमा पंजीकृत करके छानबीन शुरू की है।