कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सभी 54 मंत्रियों के साथ संगम में डुबकी भी लगाएंगे। इसके लिए सभी मंत्री मंगलवार की शाम को ही प्रयागराज पहुंच गए हैं। इस मौके पर शासन के उच्चाधिकारी भी संगम में स्नान करेंगे। बता दें कि इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2019 के कुंभ मेले में भी अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संगम में डुबकी लगाई थी। तब मुख्यमंत्री के साथ अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि और अन्य साधु संतों ने भी संगम में स्नान किया था।
बैठक के बाद सभी मंत्री अरैल वीआईपी घाट से मोटर बोट के जरिये संगम जाएंगे। यहां सीएम योगी समेत सभी मंत्री विधिवत पूजन करेंगे। इसके बाद संगम तट पर बनी जेटी के जरिये त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, सुरेश कुमार खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह, बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, धर्मपाल, नंदगोपाल नंदी और अनिल राजभर सहित सभी 21 कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले और राज्यमंत्री सहित कुल 54 मंत्री कैबिनेट बैठक में शामिल होने के बाद विधिवत संगम में स्नान करेंगे।