सीएम योगी के गोरखपुर दौरे के चलते मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक टल सकती है। अगली बैठक दीवापली के बाद होने की संभावना है।
गौरतलब है कि योगी सरकार के आने के बाद से सप्ताह के लगभग हर मंगलवार को शासन-प्रशासन जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों के लिए कैबिनेट की बैठक का आयोजन होता रहा है।
कुछ विशेष मौकों पर ही इस बैठक को टाला गया है। हाल ही में अमित शाह के अमेठी दौरे के वक्त भी मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक को एक दिन पहले सोमवार को लोकभवन में आयोजित किया गया था।
इस बार लखनऊ से चार दिनों के लिए गोरखपुर और अयोध्या के दौरे पर गए सीएम योगी का पूरा ध्यान दिवाली पर है। उन्होंने इस दिवाली को एतिहासिक बनाने के लिए लोगों से अपील करने के साथ ही अधिकारियों को भी विशेष निर्देश दिए हैं। वह स्वयं भी दिवाली की संध्या पर अपने मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या में मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर वह प्रदेश की राजधानी में उपस्थित नहीं रहेंगे। इसलिए यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उनक अनुपस्थिति में यह बैठक टाल दी जाए।