दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने फर्टिलाइजर कारखाने का भूमिपूजन किया।
भूमि पूजन के बाद वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति खत्म होनी चाहिए, गांवों को विकास का मुख्य केंद्र बनना चाहिए। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय भी मौजूद रहे।
दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे योगी आदित्यनाथ जिले की कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। 19 अक्तूबर को सीएम योगी विशेष रूप से वनटांगिया मजदूरों और उनके परिवार के साथ दीपावली मनाएंगे।
गौरतलब है कि सीएम योगी ने 18 अक्तूबर को अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने लोगों से ट्विटर पर अपनी राय साझा करने के लिए आमंत्रित किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने इस दिवाली को ऐतिहासिक बनाने की पहल की है। अयोध्या इसका मुख्य केंद्र होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (यूपीसीएमओ) ने ट्विटर पर अयोध्या दीपोत्सव की भव्य तैयारियों को साझा करते हुए लिखा है- ‘लाखों दीये से रामनगरी सजेगी।
सरयू के घाट अद्भुत छटा बिखेरेंगे। देश-विदेश की रामलीला की बात होगी।’ साथ ही दिवाली मना रहे लोगों से पूछा गया है कि वे दीपोत्सव कैसे मना रहे हैं, इसे हैशटैग ‘Deepotsav’ के साथ ट्विटर पर साझा करने की अपील की गई है।
योगी सरकार ने सत्ता में आने के बाद अयोध्या को लगातार केंद्र में रखा है। दिवाली पर दीपोत्सव के बहाने अयोध्या देश-दुनिया में अलग तरह से आकर्षण का केंद्र होगी। पर्यटन महकमे के अफसर कहते हैं कि इससे अयोध्या पर्यटन का केंद्र बनकर उभरेगी। लोगों में दीपोत्सव को लेकर जबर्दस्त उत्साह है।