झांसी-ललितपुर में बढ़ेगी भंडारण क्षमता
कैबिनेट ने सहकारिता विभाग के प्रस्ताव के तहत झांसी और ललितपुर में 6.5 लाख मीट्रिक टन की अतिरिक्त भंडारण क्षमता विकसित करने की योजना को भी मंजूरी दी है। इसके लिए 5.47 हेक्टेयर जमीन पर निर्माण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में भंडारण की सुविधाओं को बढ़ाना है।
ग्रेटर नोएडा में 654 करोड़ रुपये का निवेश
प्रत्यक्ष विदेशी निवेश से जुड़े प्रस्ताव के तहत ग्रेटर नोएडा में एंपावर्ड कमेटी की संस्तुति को मंजूरी दी गई। इसमें एकागो हॉस्पिटेलिटी का 654 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव शामिल है। वहीं, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत चार कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट जारी करने पर सहमति बनी है। इनमें हैवेल्स का नोएडा में 889 करोड़ रुपये, अमेरियोराइड इंडिया एलएलपी का 112 करोड़ रुपये, मेटलाइफ ग्लोबल का 84 करोड़ रुपये और एलजी सॉफ्ट का 634 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है।
प्रयागराज में बनेंगे 845 आवास
कैबिनेट ने प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए 845 आवास बनाने के प्रस्ताव को वित्तीय मंजूरी दी है। इसके अलावा शहर में ऑडिटोरियम और वर्किंग वुमन हॉस्टल के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं। इन फैसलों के जरिए प्रदेश में सड़क अवसंरचना, भंडारण सुविधाओं, निवेश और शहरी सुविधाओं के विकास को गति देने की योजना है।