राहुल गांधी व अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
उपचुनाव को लेकर मची खींचतान को देखते हुए मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने रूख बदला। सपा की ओर से कहा गया है कि वह कांग्रेस को फूलपुर सीट दे सकती है। हालांकि सपा यहां से उम्मीदवार के रूप में मुस्तफा सिद्दकी के नाम की घोषणा कर चुकी है। मुस्तफा वर्ष 2022 के चुनाव में फूलपुर में सपा उम्मीदवार थे और सिर्फ 2200 वोट से पराजित हुए थे। ऐसे में मुस्तफा का नाम वापस लेने का सियासी तौर पर नुकसान होने का भी अंदेशा है। ऐसे में कांग्रेस के अंदरखाने में फूलपुर को मुफीद नहीं माना जा रहा है।
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा
- फोटो : ANI
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय दिल्ली जा रहे है। वह पार्टी शीर्ष नेतृत्व के साथ बुधवार को उपचुनाव पर मशविरा करेंगे। ऐसे में बुधवार शाम तक उपचुनाव की सीटों पर स्थिति साफ हो जाएगी। सपा की ओर से फूलपुर सीट देने संबंधी चर्चा को लेकर अभी कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व को कोई संदेशा नहीं मिला है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उन्होंने पांच सीटों का प्रस्ताव दिया है। सिर्फ दो सीट पर चुनाव लड़ने की बात कहे जाने पर प्रदेश के कार्यकर्ताओं की मनोदशा से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया जा चुका है। इतना जरूर है कि भाजपा को हराने के लिए हम गठबंधन कायम रखेंगे। उम्मीदवार उतारने के लिए शीर्ष नेतृत्व के निर्देश का इंतजार है।